Breaking News

कलान में संपूर्ण समाधान दिवस, 42 शिकायतों में से 4 का मौके पर निस्तारण।

भूमि संबंधी मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जांच के निर्देश।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। कलान तहसील में शनिवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से कुल 42 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए सौंपा गया।

समाधान दिवस के दौरान दीपचंद ने खतौनी में नाम गलत दर्ज होने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संशोधन कराकर उन्हें सही खतौनी उपलब्ध कराई। वहीं, रियाजुद्दीन ने मत्स्य पालन के लिए आवंटित पट्टे की जमीन पर फसल उगाए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा आवश्यकता पड़ने पर पट्टा निरस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही रियाजुद्दीन को आवंटित सभी पट्टों की जांच कराने को भी कहा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध कब्जे, चकमार्ग और भूमि संबंधी शिकायतों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करे और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने जरूरत पड़ने पर अधिकारियों को स्वयं मौके पर पहुंचकर शिकायतों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करें।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, डीसी मनरेगा यशोवर्धन सिंह, एसडीएम कलान आशुतोष कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

जैविक खेती अपनाकर मिट्टी की उर्वरता और आय बढ़ाएं किसान।

जैविक खेती अपनाकर मिट्टी की उर्वरता और आय बढ़ाएं किसान। बदायूं। यूपी डास्प की नमामि …