Breaking News

डीएम-एसएसपी ने संपूर्ण समाधान दिवस में सुनीं जनशिकायतें, 44 शिकायतें प्राप्त, चार का मौके पर निस्तारण।

ग्राम समाज की भूमि से शीघ्र हटवाएं अवैध कब्जा, डीएम ने दिए निर्देश।

बदायूं। तहसील सदर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जनशिकायतें सुनीं। इस दौरान ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करने, अवैध कब्जा हटवाने और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ब्लॉक कादरचौक के ग्राम ललुआ नगला निवासी अमर सिंह पुत्र सालिगराम ने शिकायत की कि गांव में ग्राम समाज की दो बीघा भूमि पर चन्द्रपाल, सीलेन्द्र, हुकुम सिंह, नौनिहाल और भूरे घूरा-कूड़ा डालकर अवैध कब्जा किए हुए हैं। विरोध करने पर वे दबंगई दिखाते हैं। शिकायत पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए तहसील एवं पुलिस के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेकर मौका मुआयना किया जाए और ग्राम समाज की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए।

जिलाधिकारी अवनीश राय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि का विशेष ध्यान रखा जाए। शासन स्तर से भी निस्तारण की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक लिया जाता है, इसलिए अधिकारी प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 31, पुलिस विभाग की तीन, विद्युत विभाग की चार, ब्लॉक, सीडीपीओ, समाज कल्याण और नगर पालिका की एक-एक तथा अन्य दो शिकायतों सहित कुल 44 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी श्रीसांई आश्रित शाखमुरी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

जैविक खेती अपनाकर मिट्टी की उर्वरता और आय बढ़ाएं किसान।

जैविक खेती अपनाकर मिट्टी की उर्वरता और आय बढ़ाएं किसान। बदायूं। यूपी डास्प की नमामि …