Breaking News

उर्दू विभाग ने छात्र-छात्राओं को रोजगार के अवसरों से कराया रूबरू।

उर्दू विभाग ने छात्र-छात्राओं को रोजगार के अवसरों से कराया रूबरू।

आई एम खान 

बदायूं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजकीय डिग्री कॉलेज, आवास विकास, बदायूं के उर्दू विभाग की ओर से छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के विभिन्न अवसरों और करियर निर्माण की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. राशिदा खातून और मोहम्मद जुनैद आलम ने विद्यार्थियों को सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, आवश्यक योग्यताओं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि उर्दू केवल एक भाषा नहीं, बल्कि साहित्य, पत्रकारिता, अनुवाद, शिक्षा, प्रशासन और सांस्कृतिक क्षेत्रों में करियर बनाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

विद्यार्थियों को सिविल सेवा, शिक्षक भर्ती, बैंकिंग, रेलवे, मीडिया, अनुवाद, कॉल सेंटर, डिजिटल कंटेंट राइटिंग और विभिन्न सरकारी विभागों में निकलने वाली भर्तियों के लिए तैयारी करने के बारे में बताया गया। वक्ताओं ने नियमित अभ्यास, समसामयिक ज्ञान, कंप्यूटर की जानकारी, अंग्रेजी के बुनियादी ज्ञान और आत्मविश्वास को रोजगार प्राप्त करने में महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने करियर से जुड़े सवाल पूछे और अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम कॉलेज की पढ़ाई को व्यावसायिक सफलता से जोड़ने में सहायक होते हैं।

उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ. राशिदा खातून ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को समय रहते रोजगारोन्मुखी शिक्षा और उचित मार्गदर्शन मिल सके। यह आयोजन सेवा संकल्प अभियान के तहत शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।

 

 

Spread the love

Check Also

लेखपाल पर रिश्वतखोरी के आरोप, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन।

एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग, मांगें पूरी न होने पर …