Breaking News

बिसौली में बिजली विभाग की मॉर्निंग रेड, 22 पर एफआईआर और 75 कनेक्शन काटे।

बिसौली में बिजली विभाग की मॉर्निंग रेड, 22 पर एफआईआर और 75 कनेक्शन काटे।

आई एम खान 

बिसौली। बिजली चोरी रोकने और बकाया बिलों की वसूली को लेकर विद्युत विभाग ने विशेष मॉर्निंग रेड अभियान चलाया। तड़के हुई अचानक कार्रवाई से बिजली चोरी करने वाले और बकायादार उपभोक्ताओं में खलबली मच गई। अभियान के दौरान बिजली चोरी के मामलों में 22 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई, जबकि लंबे समय से बिल जमा नहीं करने वाले 75 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए। वहीं, अभियान के दौरान उपभोक्ताओं से आठ लाख रुपये से अधिक का बकाया राजस्व भी वसूल किया गया।

उपखंड अधिकारी विकास राजपूत के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान विद्युत टीम ने विभिन्न स्थानों पर जांच की। इस दौरान कई जगह सीधे एलटी लाइन से कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल किए जाने के मामले सामने आए। इसके बाद संबंधित 22 लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं की भी सूची खंगाली गई। बकाया भुगतान नहीं करने वाले 75 उपभोक्ताओं के कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए। विभागीय कार्रवाई के बीच कई उपभोक्ताओं ने मौके पर अपने बकाया बिल जमा किए, जिससे विभाग को आठ लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।

एसडीओ विकास राजपूत ने कहा कि बिजली चोरी और बकायेदारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मॉर्निंग रेड अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं से समय पर भुगतान करने की अपील की, ताकि कानूनी कार्रवाई और कनेक्शन कटने से बचा जा सके।

अभियान के दौरान जेई दिनेश कुमार, जेई शेर अली, संजीव कुमार, बजरंगी लाल, त्रिलोकी सिंह, उमेश यादव, हरिओम, विकास, रवि, अनिल और गौरव सहित विद्युत विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

लेखपाल पर रिश्वतखोरी के आरोप, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन।

एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग, मांगें पूरी न होने पर …