Breaking News

पहल ग्रुप के शिविर में 100 से अधिक लोगों की हुई कानों की जांच, 15 से 20 दिन में मिलेंगे निःशुल्क श्रवण यंत्र।

पहल ग्रुप के शिविर में 100 से अधिक लोगों की हुई कानों की जांच, 15 से 20 दिन में मिलेंगे निःशुल्क श्रवण यंत्र।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। सामाजिक संस्था पहल ग्रुप की ओर से मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित सेठ एन्क्लेव में निःशुल्क कान जांच एवं श्रवण यंत्र वितरण शिविर लगाया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि आईआरएस एवं कस्टम एंड सेंट्रल एक्साइज के पूर्व कमिश्नर कमल किशोर कठेरिया ने फीता काटकर किया। शिविर में बरेली से पहुंची विशेषज्ञों की टीम ने आधुनिक डिजिटल उपकरणों की मदद से 100 से अधिक लोगों की सुनने की क्षमता की जांच की।

शिविर का उद्देश्य कम सुनने वाले दिव्यांगजनों, मूकबधिरों और जरूरतमंद लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना था। जांच के बाद चयनित पात्र लाभार्थियों को आगामी 15 से 20 दिनों के भीतर डिजिटल श्रवण यंत्र निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। इस पहल से जरूरतमंद लोगों को सुनने की समस्या से राहत दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्य अतिथि कमल किशोर कठेरिया ने संस्था के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना समाज के लिए महत्वपूर्ण कार्य है। इस तरह के आयोजन दिव्यांगजनों के जीवन को बेहतर बनाने और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक होते हैं।

संस्था के संस्थापक अभिषेक डेनियल ने शिविर में पहुंचे अतिथियों, विशेषज्ञों की टीम और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अखिल उत्तर प्रदेश बधिर संस्था के महासचिव अमन सक्सेना और उनके साथ आए सदस्यों के सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद दिया।

शिविर के आयोजन में वरिष्ठ सहयोगी एडवोकेट अनूप कुमार, भारती प्रिंटर्स के प्रोपराइटर एवं समाजसेवी विक्रांत बखिया, मातृत्व सोशल वेलफेयर सोसाइटी की संस्थापक अध्यक्ष नेहा सक्सेना, समाजसेवी जाहिद आलम, एडवोकेट राजपाल कठेरिया, राजपूत कठेरिया और कुंवरपाल सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया। आयोजकों ने भविष्य में भी मूकबधिरों और दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए ऐसे शिविर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

Spread the love

Check Also

मिशन शक्ति के तहत अलशिफा बनीं एक दिन की सीडीओ, विकास कार्यों की समीक्षा कर समझी प्रशासनिक कार्यप्रणाली।

मिशन शक्ति के तहत अलशिफा बनीं एक दिन की सीडीओ, विकास कार्यों की समीक्षा कर …