Breaking News

त्योहारों पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर, उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई।

त्योहारों पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर, उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई।

बदायूं। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस ग्राउंड स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर सभी से त्योहारों को आपसी मेलजोल, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वालों और शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्योहारों के दौरान विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थलों पर ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे और आमजन को असुविधा का सामना न करना पड़े। खुले स्थानों पर लगाए जाने वाले पंडालों और अन्य आयोजन स्थलों की लगातार निगरानी करने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर या अफवाह नहीं फैलाने तथा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट, फोटो, वीडियो अथवा संदेश को साझा न करें। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुलिस की निगरानी रहेगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी लोग संयम, आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।

पीस कमेटी की बैठक के बाद जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस ग्राउंड से मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Spread the love

Check Also

बदायूं-मेरठ हाईवे पर बड़ा हादसा टला, केले से भरी डीसीएम पलटी, चार वाहन आपस में भिड़े।

बदायूं-मेरठ हाईवे पर बड़ा हादसा टला, केले से भरी डीसीएम पलटी, चार वाहन आपस में …