Breaking News

गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ने से शाहजहांपुर प्रशासन अलर्ट: डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने किया संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण।

गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ने से शाहजहांपुर प्रशासन अलर्ट: डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने किया संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण।

संवाददाता, मुबारक अली

शाहजहांपुर: शाहजहांपुर में पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के चलते गर्रा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। संभावित बाढ़ के खतरे को पूरी गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने प्रशासनिक अमले के साथ कई संवेदनशील स्थलों का औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी (एडीएम) अरविंद कुमार और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ मोहल्ला सुभाष नगर के निकट गर्रा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल, मौजमपुर पंप कैनाल के पास स्थित डैम रोड और अजीजगंज तटबंध क्षेत्र का जायजा लिया।

स्थिति की नजाकत को देखते हुए डीएम ने डैम रोड के कल्वर्ट को तत्काल प्रभाव से बंद कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि नदी का जलस्तर बढ़ने पर शहर के भीतर बाढ़ का पानी प्रवेश न कर सके। इसके अलावा आपात स्थिति से निपटने के लिए शहर में दो से तीन शरणालयों को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में अजीजगंज पुल के पास गर्रा नदी का जलस्तर लगभग 146.10 मीटर दर्ज किया गया है, जिसमें अभी करीब दो मीटर तक और वृद्धि होने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों से छोड़ा गया यह बढ़ा हुआ पानी आगामी तीन से चार दिनों में शाहजहांपुर तक पहुंचने की आशंका है। इसके साथ ही रामगंगा नदी के डबरी घाट पर भी आने वाले दिनों में जलस्तर बढ़ने का अनुमान लगाया गया है, जिससे प्रशासन ने डूब क्षेत्र और निचले इलाकों में पूरी चौकसी बढ़ा दी है।

जिला प्रशासन ने नदी के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे नदी के किनारे, घाटों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में बिल्कुल न जाएं। बच्चों और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखें तथा अपने जरूरी सामान व महत्वपूर्ण दस्तावेजों को ऊंचाई पर सुरक्षित रख लें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर बिल्कुल ध्यान न दें और केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।

आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी

किसी भी आपदा या आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सक्रिय कर दिया गया है। आमजन मदद के लिए इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:

05842-462754

05842-351037

05842-35108

Spread the love

Check Also

उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय की दो टूक: गोवंश संरक्षण में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं।

उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय की दो टूक: गोवंश संरक्षण में लापरवाही …