Breaking News

बिल्सी: एंटी करप्शन कार्रवाई के विरोध में लेखपालों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।

एंटी करप्शन कार्रवाई के विरोध में लेखपालों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।

संवाददाता, हिमांशु शाक्य

बिल्सी, बदायूं: प्रदेशभर में एंटी करप्शन (विजिलेंस और एसीओ) टीमों द्वारा लेखपालों के खिलाफ की जा रही कथित अनुचित ट्रैप कार्रवाई को लेकर राजस्व कर्मियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में बिल्सी के लेखपालों ने एकजुट होकर इस कार्यप्रणाली का विरोध किया है और ऐसे सभी मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।

लेखपाल संघ का कहना है कि वे राजस्व विभाग के जमीनी स्तर के रीढ़ हैं, जो गांव-गांव जाकर भूमि विवाद, पैमाइश और अतिक्रमण जैसे संवेदनशील मामलों का निस्तारण करते हैं। कई बार नियमानुसार कार्य न करने पर कुछ लोग या दलाल उनसे व्यक्तिगत रंजिश रखने लगते हैं। इसी दुर्भावना और निजी स्वार्थ के चलते झूठी शिकायतें दर्ज कराकर उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है।

नाराज लेखपालों का आरोप है कि अधिकांश मामलों में शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि, उसकी पुरानी रंजिश और लेखपाल के वास्तविक अधिकार क्षेत्र की बिना गहन जांच किए ही सीधे ट्रैप की कार्रवाई कर दी जाती है। हाल ही में अयोध्या की सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्षदीप के प्रकरण को लेकर भी ऐसी ही कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।

इन तमाम मुद्दों को लेकर स्थानीय लेखपालों ने एसडीएम राजेश कुमार सिंह को एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें मांग की गई है कि भविष्य में किसी भी लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले शिकायत की सत्यता का पूरी तरह सत्यापन किया जाए और मामलों की पारदर्शी जांच हो।

इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, मंत्री विजेंद्र पाल सिंह, गरिमा सिंह, लवी भरद्वाज, दुर्गेश कुमार, हरिओम सिंह, सूरज कुमार भारती और प्रदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में अन्य लेखपाल मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

बिल्सी: हाईवे पर बाइक फिसलने से गर्भवती महिला समेत तीन लोग घायल, अस्पताल में हुआ उपचार।

हाईवे पर बाइक फिसलने से गर्भवती महिला समेत तीन लोग घायल, अस्पताल में हुआ उपचार। …