Breaking News

बलरामपुर: एटीएम कार्ड चोरी कर खाते से 9 लाख रुपये उड़ाने वाला नौकर गिरफ्तार: पुलिस ने नकदी और लग्जरी सामान बरामद किया

एटीएम कार्ड चोरी कर खाते से 9 लाख रुपये उड़ाने वाला नौकर गिरफ्तार: पुलिस ने नकदी और लग्जरी सामान बरामद किया।

संवाददाता, गुलाम नबी कुरैशी

बलरामपुर: थाना कोतवाली नगर पुलिस ने एटीएम कार्ड चोरी कर बैंक खाते से करीब 9 लाख रुपये निकालने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 77,500 रुपये नकद, चोरी किया गया एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और घर के लिए खरीदे गए महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, पूरबटोला पश्चिमी निवासी प्रेम कुमार मिश्रा ने 20 अगस्त को थाना कोतवाली नगर में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके घर में पूर्व में नौकर के रूप में काम कर चुके सलमान उर्फ मन्ना (निवासी पूरबटोला पश्चिमी) ने उनका एटीएम कार्ड चोरी कर लिया है और बैंक खाते से करीब 9 लाख रुपये निकालकर खर्च कर डाले। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 अगस्त को सलमान उर्फ मन्ना (24 वर्ष) को सुआवनाला से गेल्हापुर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने धोखाधड़ी कर एटीएम का पिन हासिल कर लिया था और धीरे-धीरे खाते से कुल 10 लाख रुपये के आसपास की रकम निकाली। इस रकम से उसने टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, एलजी कंपनी का एसी, सैमसंग टीवी, समरकूल कूलर, हैवेल्स टुल्लू पंप और मोबाइल फोन खरीदे, साथ ही घर बनवाने में भी रुपये खर्च किए।

आरोपी की तलाशी लेने पर एक काले रंग के पिट्ठू बैग से एचडीएफसी बैंक का रुपे एटीएम कार्ड, 77,500 रुपये नकद और एक मोटोरोला मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है।

इस सफल गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी थाना निरीक्षक कन्हई प्रसाद, उपनिरीक्षक सूर्या प्रकाश शर्मा तथा कांस्टेबल विनय प्रताप सिंह, नीरज यादव, हीरालाल, शुभम तिवारी और विजय बहादुर प्रमुख रूप से शामिल रहे।

बाईट – विशाल पांडेय अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर

Spread the love

Check Also

गंजडुंडवारा में झुका बिजली का पोल बना खतरा, सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई समाधान की मांग।

गंजडुंडवारा में झुका बिजली का पोल बना खतरा, सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई …