Breaking News

बदायूं: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मानदेय और उत्पीड़न के खिलाफ उठाई आवाज, सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मानदेय और उत्पीड़न के खिलाफ उठाई आवाज, सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन।

बदायूं: उत्तर प्रदेश आंगनबाड़ी श्रमिक संघ (एटक) के बैनर तले मालवीय आवास गृह में एक मासिक पंचायत का आयोजन किया गया। इस बैठक के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक पांच सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।

बैठक के दौरान किसान नेता राजेश कुमार सक्सेना ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार आंगनबाड़ी बहनों से बंधुआ मजदूरों की तरह काम ले रही है। मानदेय बढ़ाने की बड़ी-बड़ी घोषणाएं करने के बावजूद मुख्यमंत्री इन महिलाओं को उचित सम्मान और पारिश्रमिक दिलाने में पूरी तरह विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतनी कम धनराशि पर दिन-रात मेहनत करवाने के बाद पढ़ी-लिखी महिलाओं को न्यूनतम पारिश्रमिक देना उनके साथ सबसे बड़ा अपमान है।

जिला अध्यक्ष मिथिलेश कुमारी ने व्यथित स्वर में आरोप लगाया कि मामूली मानदेय मिलने के बावजूद डीपीओ (DPO) और सीडीपीओ (CDPO) द्वारा लगातार आंगनबाड़ी बहनों को प्रताड़ित कर उनसे अवैध धन उगाही की जा रही है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे भ्रष्टाचार और उत्पीड़न के प्रकरण की जांच किसी अन्य निष्पक्ष विभाग से कराई जानी चाहिए।

वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष ममता भदोरिया ने कहा कि केंद्रों का निरीक्षण केवल अवैध वसूली का साधन बनकर रह गया है। वर्तमान समय में आंगनबाड़ी सहायिकाओं की नियुक्तियों में खुलेआम भारी धन उगाही हो रही है, जिसपर जिला प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब इस प्रकार का शोषण कतई सहन नहीं किया जाएगा और इसके विरोध में एक बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। संगठन को और अधिक धार देने के लिए ब्लॉक स्तर पर कमेटियों के गठन की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी।

इस पंचायत और ज्ञापन सौंपने के दौरान अमृत शीला, सरोज, राजेश्वरी, उषा, मिथिलेश, सीता, सुनीता, बबीता पाल, विनोद कुमारी, आदर्श लता, भारती, सर्विस पाल, नवनीत, इसवती, सर्वेश शर्मा, मनोज जोहरी, रीना शर्मा, राधा शर्मा, हीरा कली, रेखा, संगीता, अनीता गुप्ता और श्रीश सहित कई दर्जन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

 

 

Spread the love

Check Also

गंजडुंडवारा में झुका बिजली का पोल बना खतरा, सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई समाधान की मांग।

गंजडुंडवारा में झुका बिजली का पोल बना खतरा, सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई …