Breaking News

शाहजहांपुर: पॉइंट्समैन कैडर रीस्ट्रक्चरिंग लागू, 66 हजार से अधिक रेल कर्मचारियों को मिलेगा पदोन्नति का लाभ।

शाहजहांपुर: पॉइंट्समैन कैडर रीस्ट्रक्चरिंग लागू, 66 हजार से अधिक रेल कर्मचारियों को मिलेगा पदोन्नति का लाभ।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। ऑल इंडिया रेलवे मेन्स फेडरेशन (AIRF) एवं एनआरएमयू के महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा के निरंतर प्रयासों के बाद वित्त मंत्रालय और रेलवे बोर्ड की स्वीकृति से ऑपरेटिंग विभाग के पॉइंट्समैन कैडर की रीस्ट्रक्चरिंग (पुनर्गठन) लागू कर दी गई है। इस ऐतिहासिक फैसले से भारतीय रेलवे के 66 हजार से अधिक यातायात कर्मचारियों को सीधा पदोन्नति (प्रमोशन) का लाभ मिलेगा।

इसी क्रम में सहायक मंडल मंत्री नरेंद्र कुमार त्यागी और शाखा सचिव शिवकुमार सक्सेना अपनी पूरी टीम के साथ रेलवे यातायात ट्रेनिंग स्कूल, कचहरी हॉल्ट पहुँचे। वहाँ उन्होंने मुरादाबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों से प्रशिक्षण लेने आए पॉइंट्समैन कर्मचारियों के साथ एक विशेष बैठक की और उन्हें कैडर रीस्ट्रक्चरिंग से मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

सहायक मंडल मंत्री नरेंद्र कुमार त्यागी ने बताया कि इस रीस्ट्रक्चरिंग प्रक्रिया के तहत यातायात विभाग के गेटमैन, पॉइंट्समैन, लीवरमैन, स्विचमैन और केबिनमैन के कैडर को आपस में मर्ज कर पॉइंट्समैन को चार अलग-अलग ग्रेड (ग्रेड-1, ग्रेड-2, ग्रेड-3 और ग्रेड-4) में पुनर्गठित किया गया है। निर्धारित किए गए नए पद इस प्रकार हैं:

* ग्रेड-1 (लेवल-5): 4.54% यानी कुल 3,017 पद

* ग्रेड-2 (लेवल-4): 13.63% यानी कुल 9,052 पद

* ग्रेड-3 (लेवल-2): 27.27% यानी कुल 18,105 पद

* ग्रेड-4 (लेवल-1): 54.55% यानी कुल 36,214 पद

कुल 66,388 कर्मचारियों को 3 अप्रैल 2026 से इस पुनर्गठन का सीधा लाभ मिल सकेगा। पदोन्नति के लिए सामान्य रूप से न्यूनतम दो वर्ष की सेवा अवधि की शर्त लागू होगी।

शाखा सचिव शिवकुमार सक्सेना ने कहा कि सभी रेल कर्मचारी महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा के तहे दिल से आभारी हैं, जिनकी दूरदर्शी सोच हमेशा कर्मचारियों के हितों के लिए समर्पित रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रेलवे की अन्य कैटेगरी में भी कैडर रीस्ट्रक्चरिंग की प्रक्रिया चल रही है, जिसका लाभ भी समय आने पर कर्मचारियों को मिलेगा।

बैठक के दौरान उपस्थित सभी यातायात कर्मचारियों ने इस घोषणा पर अत्यधिक हर्ष व्यक्त किया और यूनियन का आभार जताया। इस अवसर पर पीएस तोमर, अमित कुमार, चंदा, यतेंद्र त्रिवेदी, अविनाश तिवारी, टिंकू कुमार और ओमप्रकाश सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, दिलाई गई शपथ।

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, …