Breaking News

फर्रुखाबाद में जर्जर मकान गिरने से युवक की मौत, पत्नी व दो बच्चे घायल।

लगातार बारिश और बंदरों की हरकत से हुआ हादसा, प्रशासनिक अधिकारियों ने किया मौके का निरीक्षण।

दीपक शुक्ला, संवाददाता 

फर्रुखाबाद। लगातार हो रही बारिश ने शुक्रवार को फर्रुखाबाद शहर में बड़ा हादसा कर दिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सधवाड़ा में एक पुराना मकान अचानक ढह गया, जिससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय बंदरों के झुंड ने जर्जर दीवार को हिला दिया, जिससे मकान का अगला हिस्सा भरभरा कर गिर पड़ा। दीवार गिरने से नीचे मौजूद परिवार मलबे में दब गया। हादसे में शाहिल साद 28 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी हंसा साद और तीन वर्षीय जुड़वां बच्चे अयान और अयाना गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने शाहिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि पत्नी को लोहिया अस्पताल और दोनों बच्चों को आवास विकास स्थित निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल, नायब तहसीलदार मनीष वर्मा, कानूनगो श्याम बाबू और लेखपाल कुलदीप मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। कोतवाल राजीव पांडेय भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे।

नायब तहसीलदार मनीष वर्मा ने बताया कि मृतक का शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। प्रशासन द्वारा परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया गया है।

हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!