Breaking News

डीएम के आदेश: देशी व विदेशी शराब की दुकानों पर लगेंगे कम से कम पाँच सीसीटीवी कैमरे।

डीएम के आदेश: देशी व विदेशी शराब की दुकानों पर लगेंगे कम से कम पाँच सीसीटीवी कैमरे।

संवाददाता – मुबारक अली

शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नारकोटिक्स विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विगत माह में की गई कार्रवाइयों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत सितंबर माह में कुल चार अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। वहीं 1 जनवरी से 30 सितंबर 2025 तक कुल 55 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं। इस पर डीएम ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि नशे के अवैध व्यापार में लिप्त व्यक्तियों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाए और इस प्रकार की गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाया जाए।

आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान निरीक्षक ने बताया कि सितंबर माह में अवैध मदिरा से संबंधित 180 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं और लगभग 3470 किलोग्राम लहन नष्ट कराई गई है। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर कड़ा नियंत्रण रखा जाए।

डीएम धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने आदेश दिया कि जनपद की सभी देशी व विदेशी मदिरा की दुकानों पर कम से कम पाँच सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, और उनकी 15 दिन की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए।

इसके साथ ही डीएम ने निर्देश दिए कि जिले के सभी मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया जाए, तथा बिना लाइसेंस या प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर देवेन्द्र कुमार, आबकारी निरीक्षक सौरभ, औषधि निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!