Breaking News

कासगंज: अधूरा नाला निर्माण बना जी का जंजाल, बारिश के पानी से 25 से अधिक घरों में घुसा गंदा पानी।

कासगंज: अधूरा नाला निर्माण बना जी का जंजाल, बारिश के पानी से 25 से अधिक घरों में घुसा गंदा पानी।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज: जनपद कासगंज में नाला निर्माण स्थानीय जनता के लिए गंभीर मुसीबत बन गया है। नगर पालिका की सुस्त कार्यशैली के चलते करीब एक महीने पहले शुरू हुआ नाला निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है, जिसके कारण बारिश के दौरान 25 से अधिक घरों में पानी घुस गया है और कई मकानों की नींव पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। इस भारी लापरवाही के कारण स्थानीय निवासियों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है।

मामला जनपद कासगंज के नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा के वार्ड संख्या 19, मोहल्ला पूरबथोक का है। यहां चल रहे नाला निर्माण कार्य के दौरान संबंधित ठेकेदार द्वारा नाले के स्वाभाविक प्रवाह को रोक दिया गया था। इसी बीच लगातार हुई छह घंटे से अधिक की बारिश के चलते नाले में अचानक उफान आ गया और स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो गई।

पानी अस्थायी बांध के ऊपर से बहता हुआ रिहायशी गलियों में जा घुसा, जिससे देखते ही देखते पूरा इलाका जलमग्न हो गया। अचानक पानी घरों के अंदर पहुंचने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। रात के वक्त घबराए लोग अपने घरेलू सामान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और घरों से पानी बाहर निकालने की जुगत में जुट गए।

पीड़ित नागरिकों का आरोप है कि ठेकेदार और नगर पालिका की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। एक गली में एक से दो फीट तो वहीं पिछली गली में दो से तीन फीट तक पानी भर गया। कमरों के भीतर पानी घुस जाने से चारपाई, बिस्तर, कपड़े और अन्य जरूरी घरेलू सामान भीगकर पूरी तरह खराब हो गया।

निवासियों का कहना है कि विकास कार्य जनसुविधा के लिए होते हैं, लेकिन यदि निर्माण के दौरान ही लोगों के आशियाने खतरे में पड़ने लगें, तो यह सरासर प्रशासनिक लापरवाही है।

स्थानीय जनता ने मांग की है कि इस नाला निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय गुणवत्ता की जांच कराई जाए और कटान वाले संवेदनशील स्थानों पर तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। इसके साथ ही यह भी मांग की गई है कि निर्माण कार्य अवधि के दौरान सुचारू जल निकासी के लिए कोई ठोस वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी बड़े हादसे को टाला जा सके।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं: सीडीओ गामिनी सिंगला ने समरेर सर्वोदय बालिका विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के कड़े निर्देश।

बदायूं: सीडीओ गामिनी सिंगला ने समरेर सर्वोदय बालिका विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में …