Breaking News

कासगंज जीआरपी की बड़ी मुस्तैदी: ट्रेन से लापता हुआ 5 साल का मासूम 20 मिनट में सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा।

कासगंज जीआरपी की बड़ी मुस्तैदी: ट्रेन से लापता हुआ 5 साल का मासूम 20 मिनट में सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम

कासगंज। कासगंज जंक्शन पर जीआरपी पुलिस ने अपनी सतर्कता और तत्परता का बेहतरीन परिचय देते हुए ट्रेन से अचानक गायब हुए पांच साल के बच्चे को महज 20 मिनट के भीतर सकुशल ढूंढ निकाला। पुलिस ने बच्चे को उसके रोते-बिलखते परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद परिवार के चेहरों पर खुशी लौट आई। परिजनों ने जीआरपी की इस त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंजडुंडवारा नगर के मोहल्ला नगला इमामबख्श निवासी अहमद अपनी पत्नी इमराना और पांच वर्षीय बेटे अरहान के साथ कासगंज जंक्शन से लालकुआं एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15061) में बैठकर मानपुर नगरिया जाने वाले थे। ट्रेन के चलने में थोड़ा समय था, इसी दौरान अहमद को हल्की झपकी आ गई। इस बीच मासूम अरहान चुपचाप नीचे उतर गया।

कुछ देर बाद जब पिता की आंख खुली और उन्होंने बच्चे को पास नहीं देखा, तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने ट्रेन और प्लेटफॉर्म पर आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। घबराए परिजनों ने तुरंत स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात जीआरपी पुलिस को इसकी सूचना दी।

रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर पहले से ही सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम तुरंत एक्शन मोड में आ गई। थानाध्यक्ष कोमल कुंतल के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने फौरन रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के परिसरों में तलाश अभियान शुरू कर दिया। पुलिस की मुस्तैदी का ही नतीजा रहा कि महज 20 मिनट के भीतर बच्चे को स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से सकुशल बरामद कर लिया गया।

आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चे को उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया। इस सराहनीय और त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली जीआरपी टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुंतल के साथ कांस्टेबल विश्वजीत सिंह, कांस्टेबल संजय सिंह और महिला कांस्टेबल स्वाति शामिल रहीं।

Spread the love

Check Also

बरेली के बहेड़ी में नहर में नहाने गया युवक डूबा, 18 घंटे बाद एसडीआरएफ ने बरामद किया शव।

  बरेली के बहेड़ी में नहर में नहाने गया युवक डूबा, 18 घंटे बाद एसडीआरएफ …