Breaking News

बेटियां हैं अनमोल उपहार, शिक्षा है उनका अधिकार: एडीजे शिव कुमारी।

बेटियां हैं अनमोल उपहार, शिक्षा है उनका अधिकार: एडीजे शिव कुमारी।

बदायूँ। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार और माननीय जनपद न्यायाधीश व अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बदायूँ के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बदायूँ द्वारा दिनांक 16 अक्टूबर 2025 को महात्मा गांधी पालिका इण्टर कॉलेज, उझानी में “मिशन शक्ति, फेज 5.0” के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण और विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एडीजे व सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शिव कुमारी द्वारा किया गया। प्रारंभ में असिस्टेंट, एलएडीसी व जि0वि0सेप्रा, कशिश सक्सेना ने उपस्थित छात्राओं को उनके विधिक अधिकारों से अवगत कराया। उन्होंने तीन नए कानूनों, पर्यावरण अधिनियम, उपभोक्ताओं के अधिकारों के साथ-साथ भारतीय संविधान के अनुच्छेद-14, 15, 21, 21A, 32, 36, 222 और शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसके अतिरिक्त उन्होंने छात्राओं को सरकार द्वारा संचालित टोल-फ्री नंबरों जैसे 112, 1090, 1076, 15100 आदि के महत्व के बारे में भी बताया।

एडीजे शिव कुमारी ने छात्राओं से अपील की कि वे इंटरनेट और सोशल मीडिया का सदुपयोग करें, अश्लील सामग्री से दूर रहें और अपने अध्ययन पर अधिक ध्यान दें। उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा और सकारात्मक सोच ही युवाओं का भविष्य संवारती है। इसके साथ ही उन्होंने छात्राओं को महिलाओं के मौलिक अधिकार, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, निःशुल्क विधिक सहायता अधिनियम 1987 की धारा 12, गुड टच-बैड टच, और स्त्री-पुरुष समानता से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।

शिव कुमारी ने बताया कि आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में पुरुषों के समान या उच्च पदों पर कार्य कर रही हैं। उदाहरण के तौर पर उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, कर्नल सोफिया कुरैशी, विंग कमांडर व्योमिका सिंह और सुनीता विलियम्स (भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री) का उल्लेख किया, जिन्होंने अपने करियर में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

शिविर के दौरान यह भी बताया गया कि आगामी 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन स्तर पर आपसी समझौते और सुलह के माध्यम से अपने वादों का निस्तारण कराया जा सकता है।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. संजीव कुमार तोमर, महात्मा गांधी पालिका इण्टर कॉलेज के स्टाफ, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का स्टाफ और पराविधिक स्वयंसेवकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शिविर के अध्यक्ष की अनुमति से किया गया।

इस शिविर ने छात्राओं में विधिक जागरूकता, आत्म-सशक्तिकरण और शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!