Breaking News

बिसौली: नशीला पदार्थ खिलाकर ई-रिक्शा और मोबाइल लूटा, पुलिस द्वारा तहरीर न लेने पर परिजनों में रोष।

बिसौली: नशीला पदार्थ खिलाकर ई-रिक्शा और मोबाइल लूटा, पुलिस द्वारा तहरीर न लेने पर परिजनों में रोष।

बिसौली: थाना क्षेत्र के गांव परसिया निवासी सुनील पुत्र भीकम मौर्या को इसी थाना क्षेत्र के गांव मैथरा के खेतों में लोगों ने बेहोशी की हालत में भटकते देखा, जिसके बाद परिजनों को सूचित किया गया। परिजन उसे थाने लेकर आए और सुनील की माँ रामबेटी ने कार्रवाई हेतु एक तहरीर दी, जिसे थाना पुलिस द्वारा अस्वीकार कर दिया गया और साथ ही मेडिकल हेतु पर्ची भी नहीं दी गई।

परिजनों ने बताया कि रविवार को सुनील सुबह आठ बजे अपने घर से ई-रिक्शा लेकर निकला था, लेकिन शाम को घर नहीं पहुंचा तो खोजबीन शुरू की गई। सोमवार सुबह पड़ोस के गांव मैथरा में उसके होने की सूचना मिलने पर परिजन उसे लेकर थाने आए। रास्ते में कुछ होश की हालत में सुनील ने परिजनों को पूरी घटना बताई। उसने बताया कि बिसौली में थाने के निकट से दो लड़कों ने उसका ई-रिक्शा वजीरगंज जाने के लिए 300 रुपये में तय किया था।

सैदपुर जाकर इन दोनों ने कुछ खाने के लिए ई-रिक्शा रुकवाया और सुनील को एक कोल्डड्रिंक पीने को दे दी। कोल्डड्रिंक पीने के बाद सुनील को कुछ याद नहीं रहा और वह सैदपुर से दबतोरी मार्ग के गांव मैथरा कैसे पहुंचा, उसे यह भी याद नहीं है। दी गई तहरीर में लिखा गया है कि सुनील का नया ई-रिक्शा और मोबाइल गायब है। इसी दौरान पुलिस के सामने यह बात भी आई कि आंवला थाने के गांव उसैता में ई-रिक्शा मौजूद है।

इस पूरे मामले में घटनाक्रम अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ा हुआ नजर आया, क्योंकि सुनील को नशा वजीरगंज थाना क्षेत्र में दिया गया, ई-रिक्शा आंवला थाना क्षेत्र में मिला, सुनील बिसौली थाना क्षेत्र का निवासी है और परिजनों के अनुसार वह बेहोशी की हालत में बिसौली थाना क्षेत्र में ही मिला। किसी भी घटनाक्रम में पुलिस या 112 की उपस्थिति न होने की दशा में बिसौली पुलिस को भी यह कॉन्फ्लिक्ट की स्थिति लगी। कोतवाल कमलेश मिश्रा द्वारा जब तक स्थिति साफ न हो, तब तक कोई तहरीर न स्वीकार करने की बात कही गई।

इस पर परिजनों ने कहा कि रिपोर्ट इसी थाने में लिखी जानी चाहिए और साथ ही उपचार तथा मेडिकल की पर्ची भी मिलनी चाहिए। पुलिस द्वारा इनकार किए जाने पर परिजन सुनील को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली ले गए, जहाँ से हालत गंभीर होने पर उसे बदायूं रेफर कर दिया गया।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, दिलाई गई शपथ।

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, …