Breaking News

बिल्सी: फ्यूचर लीडर्स स्कूल में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) का हुआ सफल आयोजन।

फ्यूचर लीडर्स स्कूल में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) का हुआ सफल आयोजन।

संवाददाता, हिमांशु शाक्य 

बिल्सी, बदायूं: फ्यूचर लीडर्स स्कूल में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (PTM) का भव्य और सफल आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति, परीक्षा परिणाम, अध्ययन संबंधी आवश्यकताओं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच एक प्रभावी और निरंतर संवाद स्थापित करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

संगोष्ठी के दौरान अध्यापकों ने अभिभावकों को उनके बच्चों के परीक्षा परिणाम और विषयवार प्रदर्शन से विस्तार से अवगत कराया। शिक्षकों ने प्रत्येक विद्यार्थी की प्रगति पर व्यक्तिगत रूप से चर्चा करते हुए उनकी उपलब्धियों, सीखने की क्षमता और उन क्षेत्रों की जानकारी दी, जहाँ अतिरिक्त अभ्यास या मार्गदर्शन की आवश्यकता है। अभिभावकों ने भी बच्चों की पढ़ाई, व्यवहार, नियमितता और विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों से जुड़े अपने बहुमूल्य विचार और सुझाव साझा किए।

इस अवसर पर अभिभावकों ने विद्यालय के डायरेक्टर वी. पी. सिंह से भी विशेष संवाद किया और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण तथा शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के संबंध में अपने सुझाव प्रस्तुत किए। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और एक सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए संस्थान निरंतर प्रतिबद्ध है।

विद्यालय के एमडी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि अभिभावक और विद्यालय विद्यार्थियों के विकास के दो महत्वपूर्ण आधारस्तंभ हैं। दोनों के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग से बच्चों की प्रतिभा को सही दिशा दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, जिम्मेदारी और जीवन-मूल्यों का समग्र विकास करना भी है।

प्राचार्य रविन्द्र सिंह ने अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की क्षमता अलग होती है। इसलिए शिक्षक और अभिभावक का नियमित मेल-जोल बच्चों की कठिनाइयों को समझने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके मानसिक, सामाजिक एवं नैतिक विकास पर भी विशेष ध्यान दें।

इस दौरान विद्यालय के अकेडमिक हेड सी. के. शर्मा, जूनियर कॉर्डिनेटर परमेंद्र सिंह, प्राइमरी कॉर्डिनेटर केशव शर्मा, प्री-प्राइमरी कॉर्डिनेटर अनामिका सिंह सहित अन्य शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता और बहुमूल्य सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया।

 

 

 

Spread the love

Check Also

एमएलसी शिक्षक निर्वाचन में मतदान के लिए 23 अक्टूबर को मिलेगा विशेष आकस्मिक अवकाश।

एमएलसी शिक्षक निर्वाचन में मतदान के लिए 23 अक्टूबर को मिलेगा विशेष आकस्मिक अवकाश। बदायूं। …