Breaking News

भारतीय किसान यूनियन ने सीएमओ कार्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ खोला मोर्चा, आंदोलन का ऐलान।

भारतीय किसान यूनियन ने सीएमओ कार्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ खोला मोर्चा, आंदोलन का ऐलान।

सहसवान (बदायूं): भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार और सरकारी क्रय केंद्रों की समस्याओं को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। मंगलवार को सहसवान में युवा जिला महासचिव मुजाहिर अली के आवास पर आयोजित एक अहम पंचायत में किसान नेताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर हुंकार भरी।

पंचायत में वक्ताओं ने बताया कि गत 3 अगस्त को भाकियू प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष रामाशंकर शंखधार के नेतृत्व में सीएमओ बदायूं को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जिले में एएनएम के स्थानांतरण में नियमों की जमकर अनदेखी की गई है। कई एएनएम वर्षों से एक ही स्थान पर जमी हैं, जबकि कम अवधि की सेवा वाली एएनएम का ट्रांसफर कर दिया गया है। इसके साथ ही, कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों और कर्मचारियों के लंबे समय से एक ही जगह पर जमे होने तथा कुछ चिकित्सकों द्वारा निजी अस्पताल संचालित किए जाने की शिकायतें भी सामने आईं। यूनियन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

किसान नेताओं ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो 15 अगस्त को तिरंगा यात्रा के बाद सीएमओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा। आंदोलन की आगे की रणनीति तय करने के लिए 6 अगस्त को सहसवान में भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा और प्रदेश संगठन मंत्री जयवीर सिंह यादव की विशेष मौजूदगी में पदाधिकारियों की बैठक आयोजित होगी, जिसमें स्वास्थ्य विभाग और किसानों से जुड़े मुद्दों पर मंथन किया जाएगा।

इस पंचायत में जिला प्रभारी झाझन सिंह, जिला महासचिव नरेंद्र सक्सेना, युवा जिला अध्यक्ष अमरपाल सिंह यादव, बरेली मंडल युवा सचिव पप्पू यादव, जिला उपाध्यक्ष सोपाली सिंह यादव, नगर अध्यक्ष हारून, तहसील अध्यक्ष रण सिंह, तहसील अध्यक्ष अलका यादव, ब्लॉक उपाध्यक्ष सतीश कश्यप, मीडिया प्रभारी मुसर्रत अली, नगर अध्यक्ष समीम समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं: राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक आयोजित, 12 सितंबर को होगा आयोजन।

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक आयोजित, 12 सितंबर को होगा …