Breaking News

बरेली: उर्स-ए-रज़वी में इंसानियत का पैगाम, दिव्यांगों को मिली नई राह।

उर्स-ए-रज़वी में इंसानियत का पैगाम, दिव्यांगों को मिली नई राह।

संवाददाता: मोहम्मद वसीम

बरेली। मरकज़े अहले सुन्नत वेलफेयर ट्रस्ट (मरकज़ एड) ने उर्स-ए-रज़वी के आध्यात्मिक माहौल के बीच कांकर टोला स्थित खानकाहे अमीने शरीअत के निकट एक विशेष सहायता शिविर लगाकर दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिलें और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए, जिसमें बड़ी संख्या में जरूरतमंद लाभार्थियों ने भाग लिया।

यह शिविर दरगाह अमीने शरीअत के सज्जादानशीं हज़रत मुफ़्ती सलमान रज़ा ख़ां की सरपरस्ती में आयोजित किया गया, जबकि नबीरा-ए-आला हज़रत और आरएसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अदनान रज़ा क़ादरी इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की शुरुआत कुरआन पाक की तिलावत से हुई, जिसके बाद अतिथियों का स्वागत और दस्तारबंदी की गई और फिर पात्र दिव्यांगों को सहायता सामग्री प्रदान की गई।

इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि जिन लाभार्थियों के लिए सामान्य ट्राइसाइकिल चलाना संभव नहीं था, उन्हें विशेष रूप से इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही, ट्रस्ट की ओर से सहायता वितरण में किसी भी प्रकार का धार्मिक भेदभाव नहीं रखा गया और विभिन्न समुदायों के जरूरतमंद लोगों को समान रूप से लाभान्वित किया गया।

ट्रस्ट के अध्यक्ष हाजी मोहसिन हसन ख़ान नूरी ने कहा कि उर्स केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों तक मदद पहुँचाने का एक सुनहरा अवसर भी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संस्था भविष्य में भी दिव्यांग, असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सहायता के लिए इसी तरह के सेवा अभियान निरंतर चलाती रहेगी।

मुख्य अतिथि मौलाना अदनान रज़ा क़ादरी ने अपने संबोधन में कहा कि वास्तविक इबादत इंसानियत की सेवा करने में ही निहित है। उन्होंने सभी दिव्यांगजनों का हौसला बढ़ाया और समाज से उनके पूर्ण सम्मान तथा सहयोग की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सलाम पेश किया गया और देश में अमन-चैन, भाईचारे तथा सभी जरूरतमंदों की बेहतरी के लिए विशेष दुआ कराई गई।

उल्लेखनीय है कि इस ट्रस्ट ने सेवा कार्यों को आगे बढ़ाते हुए एक दिन पूर्व भी एक नि:शुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया था, जिसके जरिए सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन नासिर कुरैशी द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुफ़्ती उमर रज़ा, हाफ़िज़ इमरान रज़ा बरकाती, मुशाहिद रफ़त, हनीफ़ अज़हरी, सय्यद मुर्शरफ़, अब्दुल लतीफ़ क़ुरैशी और सईद सिब्तैनी सहित कई गणमान्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, दिलाई गई शपथ।

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, …