Breaking News

बरेली: उर्स-ए-रज़वी में इबादत के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश, “आला हज़रत के नाम एक पौधा लगाएं”।

उर्स-ए-रज़वी में इबादत के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश, “आला हज़रत के नाम एक पौधा लगाएं”।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली: विश्व प्रसिद्ध उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों के बीच इस बार दरगाह आला हज़रत से इबादत के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी सशक्त संदेश दिया गया। सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने शहरवासियों से अपील की कि वे “आला हज़रत के नाम एक पौधा” अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल का संकल्प भी लें।

उर्स की व्यवस्थाओं का जायजा लेने सोमवार को अपर जिलाधिकारी नगर संतोष कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिख तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने दरगाह पहुंचकर दरगाह प्रमुख हज़रत मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) से मुलाकात की। अधिकारियों ने उर्स से जुड़े सुरक्षा, सफाई, यातायात और जायरीन की सुविधाओं संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। प्रशासन और दरगाह इंतजामिया दोनों स्तरों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इसके बाद अधिकारियों ने उर्स स्थल इस्लामिया मैदान का निरीक्षण कर चल रही तैयारियों का अवलोकन किया। इस अवसर पर हाजी जावेद खान, परवेज़ नूरी, औरंगजेब नूरी, ताहिर अल्वी और अजमल नूरी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

उधर टीटीएस के मंज़ूर रज़ा, युनुस गद्दी और नईम नूरी ने जायरीन के ठहरने तथा लंगर व्यवस्था वाले विद्यालयों का दौरा कर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी।

दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि उर्स के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियान भी चलाए जा रहे हैं। हेल्थ कैंप, पौधारोपण और पौधा वितरण इसी श्रृंखला का हिस्सा हैं।

मुफ्ती अहसन मियां ने कहा कि इस्लाम केवल इबादत का मजहब नहीं, बल्कि इंसान और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखने का भी पैगाम देता है। उन्होंने कहा कि हज़रत पैगंबर मुहम्मद ने स्वयं पेड़ लगाए और उनकी देखभाल की प्रेरणा दी। वर्तमान मौसम पौधारोपण के लिए उपयुक्त है, इसलिए लोग छायादार और फलदार पौधे लगाकर उन्हें बड़ा होने तक संरक्षण दें। “पौधा लगाकर भूल जाना नहीं, उसकी परवरिश करना भी जिम्मेदारी है,” उन्होंने कहा।

उन्होंने घोषणा की कि यह अभियान ईद मिलादुन्नबी तक जारी रहेगा। उनके अनुसार पेड़ न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि शहर को हरा-भरा और सुंदर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर दरगाह परिसर और इस्लामिया मैदान में पौधारोपण के साथ बड़ी संख्या में पौधे वितरित किए गए।

पौधा वितरण अभियान में ताहिर अल्वी, नासिर कुरैशी, मंज़ूर रज़ा, साजिद रज़ा, नईम नूरी, अब्दुल अहद, शाद रज़ा और अरवाज़ रज़ा सहित कई कार्यकर्ता सक्रिय रहे। दरगाह से उठी यह पहल उर्स-ए-रज़वी को धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के अभियान से भी जोड़ रही है।

 

Spread the love

Check Also

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, दिलाई गई शपथ।

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, …