Breaking News

बरेली: खंडहर मकान में छिपा रखा था चोरी की बाइकों का जखीरा, दो गिरफ्तार।

खंडहर मकान में छिपा रखा था चोरी की बाइकों का जखीरा, दो गिरफ्तार।

बरेली: देवरनिया पुलिस ने वाहन चोरी के एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से पांच चाबियों का गुच्छा, एक मास्टर चाबी, मोबाइल फोन और 2110 रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। इस गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त की रात कनमन से इटौआ जाने वाले मार्ग पर पुलिस वाहनों और संदिग्ध लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर सकपका गए और भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें रोककर जब बाइक के कागजातों की जांच की, तो ई-चालान ऐप के माध्यम से वाहन के चोरी का होने का खुलासा हुआ। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। चोरी के बाद इन वाहनों को कनमन-इटौआ मार्ग के पास बने एक सुनसान खंडहर मकान में छिपाकर रखा जाता था। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य बाइकों के असली चेसिस नंबर मिटाकर उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे और उन्हें आसानी से बेच देते थे। जो बाइकें नहीं बिक पाती थीं, उन्हें काटकर कबाड़ में खपा दिया जाता था।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ईंट भट्ठे के पास स्थित उस खंडहर मकान में छापा मारा, जहां चोरी की बाइकों का जखीरा छिपा रखा था। पुलिस ने मौके से चार और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। इनमें से एक बाइक की डिग्गी से एक मोबाइल फोन भी प्राप्त हुआ। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह में शामिल शाने आलम पेशे से मोटरसाइकिल मिस्त्री है, जो चोरी की इन बाइकों को सुधारने और ठिकाने लगाने का काम करता था।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फुरकान (पुत्र शब्बू खां, निवासी मोहल्ला शाहूकारा, बिलासपुर, रामपुर) और छोटे (पुत्र रफीउल्ला, निवासी मोहल्ला शेखूपुरा, शीशगढ़) के रूप में की है। वहीं, उनके तीसरे साथी शाने आलम (पुत्र बहार अनवर, निवासी मोहल्ला शेखूपुरा, शीशगढ़) को पुलिस ने मामले में वांछित घोषित किया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी फुरकान के खिलाफ रामपुर और बरेली के विभिन्न थानों में चोरी, बरामदगी और धोखाधड़ी समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा, छोटे और शाने आलम के आपराधिक इतिहास की भी पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरे खुलासे को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विपिन तोमर और उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

बाइट अरूण कुमार सिंह सीओ बहेड़ी

 

 

Spread the love

Check Also

एमएलसी शिक्षक निर्वाचन में मतदान के लिए 23 अक्टूबर को मिलेगा विशेष आकस्मिक अवकाश।

एमएलसी शिक्षक निर्वाचन में मतदान के लिए 23 अक्टूबर को मिलेगा विशेष आकस्मिक अवकाश। बदायूं। …