Breaking News

बहेड़ी: रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी, तीन हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।

रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी, तीन हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली: बहेड़ी तहसील सभागार में रविवार को एक भव्य रसोइया सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (लाइव) दिखाया गया, जहां मुख्यमंत्री ने प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के मानदेय में वृद्धि समेत कई बड़ी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की घोषणा की।

घोषणा के अनुसार, आगामी सितंबर 2026 से रसोइयों का मासिक मानदेय दो हजार रुपये से बढ़ाकर तीन हजार रुपये कर दिया जाएगा। इसके अलावा, दुर्घटना अथवा दिव्यांगता की स्थिति में रसोइयों को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता और प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। साथ ही, पोशाक (ड्रेस) के लिए मिलने वाली राशि को भी 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये करने की घोषणा की गई है। सरकार के इन कल्याणकारी निर्णयों से प्रदेशभर के करीब 3.53 लाख रसोइयों को सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा और बाल कल्याण से जुड़ी अन्य योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। कोविड काल के दौरान अपने माता-पिता को खोने वाले बच्चों के लिए चलाई जा रही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत चार हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाने, सभी मंडल मुख्यालयों पर अटल आवासीय विद्यालय स्थापित किए जाने और दिव्यांग बच्चों के लिए एस्कॉर्ट अलाउंस जैसी सुविधाओं का विशेष उल्लेख किया गया। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में आईसीटी लैब के संचालन और बाल वाटिकाओं में योग्य शिक्षकों की तैनाती की जानकारी भी साझा की गई।

समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में बहेड़ी, दमखोदा और शेरगढ़ ब्लॉक से पहुंचे रसोइयों को मानदेय वृद्धि और चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक डमी चेक वितरित किए गए। सम्मानित होने वाले प्रमुख रसोइयों में सावित्री देवी, हेमलता, विमला देवी, वीरती, रानी देवी, कमला, रामवेटी, राजकुमारी, तारा और शांति देवी शामिल रहीं।

इस अवसर पर बहेड़ी के ब्लॉक प्रमुख अमरिंदर सिंह गोल्डी, दमखोदा की ब्लॉक प्रमुख स्नेहलता गंगवार, एसडीएम गोपाल शर्मा, तहसीलदार भानु प्रताप सिंह सहित शिक्षा विभाग के तमाम अधिकारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

गंजडुंडवारा में झुका बिजली का पोल बना खतरा, सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई समाधान की मांग।

गंजडुंडवारा में झुका बिजली का पोल बना खतरा, सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई …