Breaking News

24 अक्टूबर को फिर लगेंगे विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप, 2,859 केंद्रों पर मिलेंगे बीएलओ।

24 अक्टूबर को फिर लगेंगे विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप, 2,859 केंद्रों पर मिलेंगे बीएलओ।

बदायूं। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत शनिवार को जिले के सभी 2,859 मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किए गए। अब आगामी 24 अक्टूबर 2026 को भी सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने हाफिज सिद्दीकी इस्लामिया इंटर कॉलेज और राजकीय महिला डिग्री कॉलेज, घंटाघर में स्थापित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अभियान प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कैंपों में प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। सभी बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रखने के साथ 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली और उसके बाद जारी सभी पूरक सूचियां भी रखी जाएंगी, ताकि नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में जांच सकें और आवश्यकतानुसार आवेदन कर सकें।

उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे नागरिकों को आवेदन भरने में सहायता मिल सके। प्राप्त आवेदनों का व्यवस्थित अभिलेखीकरण करने और अभियान में सभासदों, ग्राम प्रधानों, स्वयंसेवकों तथा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का नियमानुसार सहयोग लेने को भी कहा गया।

अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया का सहारा लेने के निर्देश दिए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में रिक्शों पर लाउडस्पीकर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में डुगडुगी के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे कैंप में नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और निवास से संबंधित दस्तावेजों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां लेकर पहुंचें। परिवार के किसी सदस्य के मतदाता फोटो पहचान पत्र की संख्या उपलब्ध होने पर उसे भी साथ लाएं।

उन्होंने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को विशेष कैंप के दिन अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के कम से कम 10 प्रतिशत मतदेय स्थलों का भ्रमण करने और अभियान की नियमित समीक्षा एवं निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

 

 

Spread the love

Check Also

ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया नवरात्रि पर्व।

ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया नवरात्रि पर्व। प्रधान संपादक, रवि कुमार शाक्य  …