Breaking News

बलरामपुर पहुंचे सपा प्रत्याशी संजय त्रिपाठी, पत्रकारों की पेंशन और पुरानी पेंशन बहाली का उठाया मुद्दा।

शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर सपा ने तेज की तैयारियां, लोहिया भवन में कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत।

संवाददाता: गुलाम नबी कुरैशी

बलरामपुर। शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सपा प्रत्याशी संजय त्रिपाठी अपने समर्थकों और पार्टी नेताओं के काफिले के साथ बलरामपुर पहुंचे। यहां लोहिया भवन स्थित सपा कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान पूर्व मंत्री यासर शाह, पूर्व मंत्री सलिल सिंह, सपा विधायक राकेश यादव, गोरखपुर के शिक्षक नेता कमलेश यादव और सपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता सौम्या राणा समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान संजय त्रिपाठी ने पत्रकारों की सामाजिक भूमिका और उनकी आर्थिक सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। वे सूचनाओं को जनता तक पहुंचाने के साथ ही समाज को दिशा देने का काम करते हैं। उनकी लेखनी का प्रभाव शासन और प्रशासन तक पर पड़ता है, लेकिन पत्रकारों की समस्याओं को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं मिल रही है।

सपा प्रत्याशी ने आश्वासन दिया कि पत्रकारों को पेंशन देने की मांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समक्ष रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस दिशा में पहल करने का प्रयास करेगी और प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने पर पत्रकारों को पेंशन दिलाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

पुरानी पेंशन बहाली और शिक्षकों की सुविधाओं का मुद्दा उठाया

संजय त्रिपाठी ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए पुरानी पेंशन बहाली, वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय, मदरसा शिक्षकों के वेतन, छात्रवृत्ति और शिक्षकों की छुट्टियों सहित विभिन्न सुविधाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में इन क्षेत्रों से जुड़ी कई सुविधाएं प्रभावित हुई हैं। सपा प्रत्याशी ने कहा कि पार्टी इन सुविधाओं को दोबारा शुरू कराने की दिशा में प्रयास करेगी।

उन्होंने भाजपा पर पार्टी कार्यकर्ताओं की निष्ठा का सम्मान नहीं करने का आरोप भी लगाया। संजय त्रिपाठी के मुताबिक, इसी वजह से कई लोग भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा में कार्यकर्ताओं को सम्मान देने और उनकी समस्याओं को उठाने पर जोर दिया जाता है।

बलरामपुर में सपा प्रत्याशी के दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। इस कार्यक्रम को शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं से संवाद और पार्टी की तैयारियों को गति देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

Byte – संजयन त्रिपाठी शिक्षक स्नातक विधान परिषद चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी।

Spread the love

Check Also

एसआईआर रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग।

इंकलाबी मजदूर केंद्र ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन, मतदाता सूची से नाम काटने और दिल्ली …