Breaking News

बरेली के बहेड़ी में इलाज के दौरान घायल युवक की मौत, हत्या के आरोप में ग्रामीणों ने लगाया जाम।

बरेली के बहेड़ी में इलाज के दौरान घायल युवक की मौत, हत्या के आरोप में ग्रामीणों ने लगाया जाम।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। बहेड़ी क्षेत्र के देवीपुरा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में घायल हुए 18 वर्षीय युवक की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (CO) के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर करीब एक घंटे बाद यातायात सुचारु कराया।

घटना के अनुसार, देवीपुरा निवासी यह युवक 21 अगस्त की रात बाजार के पास गंभीर हालत में मिला था, जिसे एंबुलेंस से सीएचसी बहेड़ी और फिर बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आठ दिन तक आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शनिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।

परिजनों का आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। मृतक के भाई ने पुलिस को दी गई तहरीर में गांव के ही परमवीर, सचिन, कपिल और दो-तीन अज्ञात लोगों पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया है। तहरीर में बताया गया है कि घटना वाले दिन दोपहर में भी आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की थी और शाम को घर लौटते वक्त उस पर घात लगाकर हमला किया गया।

शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों का हुजूम सड़क पर उमड़ पड़ा और उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर रास्ता जाम कर दिया, जिससे दोनों तरफ वाहनों लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंचे सीओ और चार थानों की पुलिस ने काफी देर तक समझाइश दी और निष्पक्ष जांच तथा सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा चुका है और एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर एक्सीडेंट से जुड़ी चोटें सामने आई हैं। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

बाइट अरूण कुमार सिंह सीओ बहेड़ी

Spread the love

Check Also

बरेली: रक्षाबंधन की मेहमाननवाजी मातम में बदली, नदी में डूबने से बच्चे की मौत।

बरेली: रक्षाबंधन की मेहमाननवाजी मातम में बदली, नदी में डूबने से बच्चे की मौत। संवाददाता, …