Breaking News

बहेड़ी में जुलूस-ए-मोहम्मदी का भव्य आयोजन, आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ संपन्न हुआ जश्ने ईद मिलादुन्नबी।

बहेड़ी में जुलूस-ए-मोहम्मदी का भव्य आयोजन, आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ संपन्न हुआ जश्ने ईद मिलादुन्नबी।

संवाददाता: मोहम्मद वसीम

बहेड़ी, बरेली। ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर बुधवार को बहेड़ी में जुलूस-ए-मोहम्मदी अकीदत और उत्साह के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। नगर की प्रमुख सड़कों से गुजरे जुलूस के दौरान जगह-जगह हुए स्वागत और गूंजते नारों ने माहौल को पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग दिया। वहीं, पुलिस-प्रशासन की कड़ी निगरानी में जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

जुलूस की शुरुआत नैनीताल रोड स्थित शिमला जनरल स्टोर से हुई। जुलूस कोतवाली पुराना रोड, बेज ट्रक यूनियन, पंजाबी कॉलोनी, होली चौराहा, मोहल्ला गोदाम और माथुर रोड से होते हुए वापस शिमला जनरल स्टोर पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। रास्ते में कई स्थानों पर लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और पुष्पवर्षा की। ‘सरकार की आमद मरहबा’ सहित विभिन्न नारों से नगर की फिजा गूंजती रही।

ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर नगर की प्रमुख मस्जिदों में मीलाद-ए-पाक की महफिलें आयोजित की गईं। बाजार वाली मस्जिद में कारी अतीक रजा, मोती मस्जिद में हाफिज अनवार अहमद कादरी और पंजाबी कॉलोनी स्थित कादरी मस्जिद में मौलाना मुख्तार अहमद ने खुसूसी खिताब किया। उलेमा ने पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम की सीरत और शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए लोगों से अमन, भाईचारे और इंसानियत के रास्ते पर चलने की अपील की। महफिलों के बाद फातिहा ख्वानी और विशेष दुआ का आयोजन हुआ। ईद मिलादुन्नबी को लेकर जोहर की नमाज का समय दोपहर तीन बजे निर्धारित किया गया था। नमाज के बाद देश में अमन, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ की गई।

जुलूस को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। एसडीएम बहेड़ी गोपाल शर्मा, सीओ अरुण कुमार और कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ पूरे जुलूस मार्ग पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और जुलूस को निर्धारित मार्ग से शांतिपूर्ण ढंग से गुजारा।

ईद मिलादुन्नबी के मद्देनजर बहेड़ी के विभिन्न मोहल्लों और बाजारों में आकर्षक सजावट और रोशनी की गई। घरों और धार्मिक स्थलों पर सजावट के साथ लोगों ने एक-दूसरे को त्योहार की मुबारकबाद दी। पूरे आयोजन में धार्मिक उत्साह के साथ अमन, आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बरेली: फर्जी हवलदार बनकर अग्निवीर अभ्यर्थियों को पास कराने का खेल, 40 हजार की डिजिटल पेमेंट ने खोला राज।

फर्जी हवलदार बनकर अग्निवीर अभ्यर्थियों को पास कराने का खेल, 40 हजार की डिजिटल पेमेंट …