Breaking News

बिसौली में अकीदत और उत्साह के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, मक्का-मदीना की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र।

बिसौली में अकीदत और उत्साह के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, मक्का-मदीना की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र।

आई एम खान 

बिसौली, बदायूं: नगर में ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर जुलूस-ए-मोहम्मदी का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान मक्का-मदीना की झांकी और छोटे-छोटे बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियां लोगों के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। जुलूस का जगह-जगह लोगों द्वारा फूल बरसाकर स्वागत किया गया।

बुधवार को नगर की बड़ी मस्जिद से जुलूस-ए-मोहम्मदी की शुरुआत नगर पालिका अध्यक्ष अबरार अहमद, बड़ी मस्जिद के इमाम कारी मोहम्मद अतीक उल कादरी बरकाती, हाफिज शरीफ जामी, मौलाना अफलाक रजा उवैसी, हाफिज शादाब रजा उवैसी और बड़ी मस्जिद के सदर मुन्ने खां ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर की। अलग-अलग स्थानों से निकले जुलूस पहले बड़ी मस्जिद के पास एकत्रित हुए और इसके बाद सभी ने एक साथ मिलकर नगर की ओर विशाल जुलूस के रूप में प्रस्थान किया।

जुलूस के दौरान “सरकार की आमद मरहबा” और “हुजूर की आमद मरहबा” जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। रास्ते भर जगह-जगह फातिहाख्वानी, लंगर और सबील के इंतजाम किए गए थे। जुलूस में पूरे अदब व एहतराम के साथ हजरत नबी-ए-करीम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की शान में नात शरीफ के नजराने पेश किए जाते रहे, जबकि अकीदतमंद लगातार दरूद-ओ-सलाम का विर्द करते रहे, जिससे पूरे रास्ते एक रूहानी और नूरानी माहौल बना रहा।

यह विशाल जुलूस बड़ी मस्जिद से चलकर मोहल्ला सराय, रामबाबू की दुकान से होता हुआ पठान मोहल्ला, मालियों वाली गली से वीर बाबू की बगिया, ईदगाह रोड और टंकी रोड गदरपुर पहुँचा तथा अपने परंपरागत रास्तों से होता हुआ वापस बड़ी मस्जिद पर आकर संपन्न हुआ। जुलूस के दौरान क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सौहार्द का एक बेहतरीन माहौल देखने को मिला, वहीं पुलिस एवं प्रशासन की कड़ी निगरानी के चलते यह पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर मदरसे के प्रिंसिपल कारी मोहम्मद इफ्तेखार अशरफी, मौलाना रफीक खां, हाफिज मजहर खान, मदरसे के सदर इरशाद खां, बाजिद खान, मशहूद खां हमदम, काजी शाहनवाज खान, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश कोऑर्डिनेटर सतीश प्रेमी, विधानसभा अध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह यादव, युवा समाजसेवी राशिद मंसूरी, जाकिर खान और भूरा कुरैशी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

गंजडुंडवारा में अकीदत और शानो-शौकत के साथ निकला बारावफात का जुलूस।

गंजडुंडवारा में अकीदत और शानो-शौकत के साथ निकला बारावफात का जुलूस। संवाददाता, वसीम कुरैशी  कासगंज: …