Breaking News

बदायूं: नशा मुक्त युवा अभियान: बदायूं में 26 अगस्त को होंगी जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं, 27 को होगा ‘खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ संवाद।

नशा मुक्त युवा अभियान: बदायूं में 26 अगस्त को होंगी जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं, 27 को होगा ‘खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ संवाद।

बदायूं: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत ‘माई भारत’ (MY Bharat) बदायूं द्वारा युवाओं को नशे से दूर रखने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलकूद के जरिए राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ और ‘खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ संवाद कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला युवा अधिकारी आदित्य सिंह ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अगस्त 2026 को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया था। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और सशक्त युवा पीढ़ी का निर्माण करना है। इसी कड़ी में जनपद के विद्यालयों, महाविद्यालयों और युवा मंडलों को जोड़कर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही हैं।

अभियान के तहत मंगलवार, 26 अगस्त 2026 को आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय के सभागार में सुबह 10 बजे से जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें कुल आठ अलग-अलग प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें नशा मुक्ति विषय पर लोक गीत, 5 से 8 मिनट की समूह नृत्य प्रस्तुति, नुक्कड़ नाटक या माइम, पेंटिंग, वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता, 60 सेकंड की लघु फिल्म या रील निर्माण, नारा लेखन और 3 से 5 मिनट की मौलिक काव्य प्रस्तुति शामिल है। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले युवाओं के लिए अपनी संस्था का पहचान पत्र (आईडी) साथ लाना अनिवार्य किया गया है।

जिला युवा अधिकारी ने बताया कि आगामी 27 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ‘खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करना, उनकी खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और देश में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करना है।

प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे ‘नशे से दूरी, खेलों से दोस्ती’ के संकल्प को अपनाएं और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। इसप्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर वैष्णवी पटेल, लोकेश पटेल, अफ्फान खान राजपूत और अपूर्वा राठौर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई: 1.407 किलो गांजे के साथ बाराबंकी का तस्कर गिरफ्तार।

शाहजहांपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई: 1.407 किलो गांजे के साथ बाराबंकी का तस्कर …