Breaking News

बहेड़ी/बरेली: ₹20 का बीमा बना किसान परिवार का सहारा, सड़क हादसे में मौत के बाद मिला दो लाख का चेक।

₹20 का बीमा बना किसान परिवार का सहारा, सड़क हादसे में मौत के बाद मिला दो लाख का चेक।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी/बरेली। महज ₹20 का सालाना प्रीमियम किसी परिवार के लिए मुश्किल वक्त में कितना बड़ा सहारा बन सकता है, इसकी मिसाल बहेड़ी में सामने आई है। सड़क हादसे में किसान वीरपाल सिंह की मौत के बाद प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत उनकी पत्नी तारावती को ₹2 लाख की बीमा राशि का लाभ मिला। सोमवार को उपजिलाधिकारी बहेड़ी गोपाल शर्मा और एसबीआई शाखा प्रबंधक विनीत कुमार ने तारावती को बीमा राशि का चेक सौंपा।

ग्राम उनई मकरूका निवासी किसान वीरपाल सिंह पुत्र हीरालाल 23 मार्च 2026 को साइकिल से खेतों से चारा लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान टैंपो की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहेड़ी ले जाते समय उनकी मौत हो गई। अचानक हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

वीरपाल सिंह का नगर पालिका बहेड़ी स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में बचत खाता था। बैंक की ओर से उनके खाते पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सक्रिय थी। हादसे के बाद उनके पुत्र विपिन कुमार ने शाखा प्रबंधक विनीत कुमार से संपर्क कर बीमा क्लेम की प्रक्रिया शुरू कराई।

बैंक स्तर से जांच में सामने आया कि वीरपाल सिंह का पत्नी तारावती के साथ संयुक्त बचत खाता था और उस पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना प्रभावी थी। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने नोडल बीमा कंपनी नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के माध्यम से दावा प्रक्रिया पूरी कराई। परिणामस्वरूप मृतक की पत्नी और नामिनी तारावती को ₹2 लाख की बीमा राशि का भुगतान किया गया।

चेक सौंपते हुए एसडीएम गोपाल शर्मा और शाखा प्रबंधक विनीत कुमार ने लोगों से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। योजना के तहत 18 से 70 वर्ष की आयु के पात्र खाताधारकों को दुर्घटना में मृत्यु या निर्धारित दुर्घटना संबंधी स्थितियों में बीमा कवर मिलता है।

इस मामले ने यह भी दिखाया कि बैंक खाते के साथ जुड़ी छोटी-सी बीमा सुरक्षा आकस्मिक हादसे के बाद परिवार के लिए आर्थिक संबल बन सकती है। बैंक अधिकारियों ने अधिक से अधिक खाताधारकों से सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं से जुड़ने की अपील की।

Spread the love

Check Also

बहेड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम का डीएम और एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण, खेल व्यवस्थाओं को सुधारने के दिए निर्देश।

बहेड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम का डीएम और एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण, खेल व्यवस्थाओं को सुधारने …