Breaking News

गंजडुंडवारा पुलिस की बड़ी सफलता: बंद ईंट भट्ठे पर छापा मारकर तीन शातिर वाहन चोर दबोचे, 10 मोटरसाइकिलें बरामद।

गंजडुंडवारा पुलिस की बड़ी सफलता: बंद ईंट भट्ठे पर छापा मारकर तीन शातिर वाहन चोर दबोचे, 10 मोटरसाइकिलें बरामद।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

गंजडुंडवारा, कासगंज। कासगंज जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गंजडुंडवारा कोतवाली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने कादरगंज रोड पर स्थित एक बंद पड़े ईंट भट्ठे पर दबिश देकर तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न स्थानों से चोरी की गई कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई 8 और 9 अगस्त 2026 की मध्य रात्रि को चेकिंग के दौरान की गई।

यह पूरी कार्रवाई कासगंज के पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में अंजाम दी गई। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान पिंटू उर्फ पिंटा (28 वर्ष) पुत्र रामनिवास, निवासी नगला छेदा, गंजडुंडवारा; कासिम (19 वर्ष) पुत्र समसुल हसन, निवासी मोहल्ला मंसूर, गंजडुंडवारा; और शौकीन (18 वर्ष) पुत्र होतीलाल, निवासी ग्राम नगला प्रीतम, थाना सिकन्दरपुर वैश्य के रूप में हुई है। सभी आरोपी कासगंज जनपद के ही रहने वाले हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से हीरो, होंडा, बजाज पल्सर, प्लेटिना और स्प्लेंडर जैसी लोकप्रिय कंपनियों की 10 चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, साथ ही इनके चेसिस और रजिस्ट्रेशन नंबर भी अपने कब्जे में लिए हैं। इस संबंध में कोतवाली गंजडुंडवारा में मुकदमा अपराध संख्या 216/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस जांच में मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ पिंटा का लंबा-चौड़ा आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ कासगंज के अलावा एटा, शाहजहांपुर, बदायूं और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और जानलेवा हमले जैसे 22 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस सराहनीय कार्य को पूरा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम, उप-निरीक्षक विजेन्द्र सिंह व नरेन्द्रपाल सिंह, मुख्य आरक्षी संजीव कुमार व बृजकिशोर चाहर, आरक्षी धनंजय सिंह, तथा रिक्रूट आरक्षी बृजप्रकाश, विशाल सिंह, अक्षित सिंह और अमित कुमार शामिल रहे। रविवार शाम पुलिस द्वारा प्रेस नोट जारी कर इस सफलता की आधिकारिक जानकारी मीडिया को दी गई।

 

 

 

Spread the love

Check Also

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, दिलाई गई शपथ।

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, …