Breaking News

बरेली: सावन के प्रथम सोमवार पर नाथ नगरी शिवमय, मढ़ीनाथ मंदिर में गूंजे रुद्राभिषेक के मंत्र।

सावन के प्रथम सोमवार पर नाथ नगरी शिवमय, मढ़ीनाथ मंदिर में गूंजे रुद्राभिषेक के मंत्र।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम

बरेली: सावन के प्रथम सोमवार पर नाथ नगरी बरेली एक बार फिर शिवभक्ति के रंग में डूब गई। नाथ नगरी जलाभिषेक समिति के तत्वावधान में आयोजित रुद्राभिषेक श्रृंखला के चौथे चरण ने शहर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। सेठ गिरधारी लाल मंदिर, श्यामगंज से निकली भव्य जलाभिषेक शोभायात्रा जब बाबा मढ़ीनाथ मंदिर पहुंची तो “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोषों से पूरा परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत समिति के महामंत्री आशुतोष अग्रवाल के निर्देशन में गणेश पूजन और नाथ नगरी चालीसा पाठ से हुई। श्रद्धालुओं ने सातों नाथ मंदिरों की परंपरा के संरक्षण और जनकल्याण का संकल्प लिया। शोभायात्रा में त्रिकालदर्शी स्वरूप में सुसज्जित भगवान शिव की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखने के लिए मार्ग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।

शोभायात्रा श्यामगंज से साहू गोपीनाथ, सिकलापुर, रोडवेज, सिविल लाइंस, हनुमान मंदिर और चौपला रोड होते हुए मढ़ीनाथ मंदिर पहुंची। डमरू दल, शंखनाद और शिव भजनों ने वातावरण को पूर्णतः शिवमय बना दिया। मार्ग में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस दौरान “मां गंगा बचाओ” और पर्यावरण संरक्षण के संदेश भी प्रमुखता से दिए गए।

मढ़ीनाथ मंदिर में पंडित आशुतोष शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सामूहिक रुद्राभिषेक कराया। गंगाजल, दुग्ध और पंचामृत से भगवान शिव का अभिषेक करते हुए श्रद्धालुओं ने लोककल्याण, सुख-समृद्धि और प्रकृति संरक्षण की कामना की। मंदिर परिसर में देर तक भक्ति संगीत और महामृत्युंजय मंत्र की ध्वनि गूंजती रही।

समिति के मीडिया प्रभारी मनोज देवल ने बताया कि रुद्राभिषेक श्रृंखला का पांचवां चरण 10 अगस्त को बाबा तमेश्वरनाथ मंदिर में विशाल सामूहिक रुद्राभिषेक के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें शहरभर के शिवभक्त शामिल होंगे।

कार्यक्रम में ब्रजवासी लाल अग्रवाल, पवन कुमार सक्सेना, कपिल गुप्ता, जितेंद्र, सतीश अनुप अग्रवाल, पंकज देवल, शोभित अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, रितेश अग्रवाल, धर्मेश अग्रवाल, धर्मार्थ सक्सेना, विवेक श्रीवास्तव, राकेश अग्रवाल, अनुराग शर्मा, लालमन दास, योगेश सक्सेना, अरविंद पांडेय, तुषार गुप्ता और संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

 

 

 

Spread the love

Check Also

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, दिलाई गई शपथ।

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, …