Breaking News

बहेड़ी: नाबीना छात्र ने किया क़ुरआन हिफ़्ज़, बहेड़ी की ख़ानकाह-ए-शेरिया में जश्न का माहौल।

नाबीना छात्र ने किया क़ुरआन हिफ़्ज़, बहेड़ी की ख़ानकाह-ए-शेरिया में जश्न का माहौल।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी (बरेली): सीमित साधनों और शारीरिक चुनौती के बावजूद बुलंद हौसलों की मिसाल पेश करते हुए बहेड़ी के नाबीना छात्र तालिब हुसैन शेरी ने क़ुरआन-ए-पाक मुकम्मल हिफ़्ज़ कर लिया है। उनकी इस उपलब्धि को दीनी तालीम के क्षेत्र में एक प्रेरक उदाहरण माना जा रहा है। ख़ानकाह-ए-शेरिया के ज़ेरे-ए-इंतिज़ाम संचालित मदरसा अल-जामिअतुल शेरिया में आयोजित कार्यक्रम में छात्र की कामयाबी पर खुशी का इज़हार किया गया और दुआएँ की गईं।

मोहल्ला नूरी नगर निवासी तालिब हुसैन शेरी, पुत्र अतीक अहमद शेरी, ने लगभग साढ़े सोलह वर्ष की आयु में क़ुरआन-ए-मजीद हिफ़्ज़ किया। परिजनों और उलेमा का कहना है कि दृष्टिबाधित होने के बावजूद उन्होंने निरंतर मेहनत, सब्र और लगन से अपनी तालीम जारी रखी। मदरसे के उस्ताद हाफ़िज़ क़ारी अनवार मुजद्ददी शेरी, इमाम मस्जिद मियाँ वाली, की रहनुमाई में उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि तालिब हुसैन की कामयाबी यह साबित करती है कि मज़बूत इरादे और सही मार्गदर्शन के सामने शारीरिक बाधाएँ रुकावट नहीं बनतीं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और दीनी तालीम के प्रति गंभीर रहने की अपील भी की।

गौरतलब है कि मदरसा अल-जामिअतुल शेरिया की स्थापना मरहूम हज़रत ताजुल अस्फ़िया अलहाज अच्छे मियाँ ने की थी। यह इदारा दीनी तालीम के साथ-साथ अख़लाक़ी तरबियत और अनुशासन के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है। मदरसे से बड़ी संख्या में तलबा क़ुरआन, तजवीद और दीन की बुनियादी तालीम हासिल कर चुके हैं।

समारोह में ख़ानकाह-ए-शेरिया के गद्दीनशीन निषाद मियाँ शेरी, नासिर मियाँ शेरी, साबिर मियाँ, फरहान मियाँ, अतीक अहमद, मोहम्मद जफर तथा हाफ़िज़ क़ारी अनवार मुजद्ददी शेरी सहित अनेक उलेमा, सामाजिक हस्तियाँ और अकीदतमंद मौजूद रहे। सभी ने तालिब हुसैन और उनके परिवार को मुबारकबाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की दुआ की।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं: सीडीओ गामिनी सिंगला ने की 50 लाख से अधिक लागत की निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के दिए निर्देश। 

बदायूं: सीडीओ गामिनी सिंगला ने की 50 लाख से अधिक लागत की निर्माण परियोजनाओं की …