Breaking News

लखीमपुर खीरी: खाद की कालाबाजारी और जंगली जानवरों के आतंक से परेशान भाकियू ने डीएम को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी।

लखीमपुर खीरी: खाद की कालाबाजारी और जंगली जानवरों के आतंक से परेशान भाकियू ने डीएम को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी।

संवाददाता, मोहम्मद असलम 

लखीमपुर खीरी। भारतीय किसान यूनियन (खीरी) के पदाधिकारियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन सौंपा। संगठन ने किसानों और जनहित से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो मजबूरन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

संगठन की प्रमुख मांगों में जनपद में यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा खाद की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाना शामिल है। भाकियू ने आरोप लगाया कि कुछ विक्रेता यूरिया के साथ अन्य अनावश्यक वस्तुओं की अनिवार्य टैगिंग कर किसानों का शोषण कर रहे हैं, ऐसे दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके अलावा, जंगली सूअर, नीलगाय, हाथी और तेंदुओं से फसलों और किसानों की सुरक्षा के लिए जंगल से सटे क्षेत्रों में तारबंदी और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

ज्ञापन के माध्यम से यह भी मांग की गई कि भारी वर्षा के कारण नदी कटान से प्रभावित किसानों एवं ग्रामीणों का तत्काल सर्वे कराया जाए, जिससे उन्हें समय पर राहत सामग्री और उचित मुआवजा मिल सके। इसके साथ ही, लंबे समय से कृषि भूमि का सर्किल रेट न बढ़ाए जाने का मुद्दा उठाते हुए उचित मूल्य के लिए सर्किल रेट में वृद्धि करने की बात कही गई। जर्जर विद्युत लाइनों के कारण हो रहे हादसों को रोकने के लिए उनकी तत्काल मरम्मत और प्रतिस्थापन की मांग भी की गई।

जिला अध्यक्ष हरदयाल सिंह संधू ने कहा कि प्रशासन को किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना चाहिए, अन्यथा भारतीय किसान यूनियन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष हरदयाल सिंह संधू, तहसील अध्यक्ष जगदीप सिंह, तहसील प्रचार मंत्री कैफ अंसारी, शहर अध्यक्ष सलोमान विनफ्रेड सोनू और तहसील सचिव कुर्बान अली सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं: वैभव लॉन में हुआ डिस्ट्रिक्ट टैंट वेलफेयर एसोसिएशन का जिला सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह, जुटे सैकड़ों व्यवसायी।

बदायूं: वैभव लॉन में हुआ डिस्ट्रिक्ट टैंट वेलफेयर एसोसिएशन का जिला सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण …

error: Content is protected !!