Breaking News

एसपी ने पुलिस लाइन सभागार में 61 व्यक्तियों को धनतेरस पर दिया उपहार।

एसपी ने पुलिस लाइन सभागार में 61 व्यक्तियों को धनतेरस पर दिया उपहार।

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। त्योहारों का असली आनंद तब दोगुना हो जाता है जब खुशी के साथ कोई खोई हुई चीज वापस मिल जाए। धनतेरस के शुभ अवसर पर शाहजहांपुर पुलिस ने ऐसा ही एक उदाहरण पेश किया। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में 15 लाख रुपए मूल्य के 61 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंपे।

मोबाइल फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे पर गजब की खुशी देखने को मिली। कई लोगों ने भावुक होकर पुलिस अधीक्षक और पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान एसपी ने कहा कि, “किसी व्यक्ति की खोई हुई वस्तु को वापस पाना अमूल्य सुख देता है। यह पुलिस की संवेदनशीलता और जनता के प्रति जिम्मेदारी का परिचायक है।”

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुमशुदा मोबाइल बरामद करने के लिए एसओजी, सर्विलांस सेल और थानास्तरीय पुलिस टीमों ने दिन-रात मेहनत की। मोबाइल की लोकेशन ट्रेसिंग, तकनीकी विश्लेषण और समन्वय के माध्यम से यह सफलता हासिल की गई।

एसपी ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल गुम हो जाए या चोरी हो जाए तो वह तुरंत निकटतम थाना या सर्विलांस सेल को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

मोबाइल बरामदगी में जिन पुलिसकर्मियों ने उत्कृष्ट योगदान दिया उनमें उप निरीक्षक मनोज कुमार (प्रभारी सर्विलांस सेल), धर्मेंद्र कुमार (प्रभारी निरीक्षक एसओजी), हेड कांस्टेबल सुशील शर्मा, प्रभात, खालिद हुसैन और ज्ञानेंद्र शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में एसपी राजेश द्विवेदी ने सभी टीम सदस्यों को बधाई दी और कहा कि पुलिस का यह प्रयास जनता के विश्वास को और मजबूत करेगा।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!