Breaking News

शिक्षक एमएलसी चुनाव में पहचान पत्र के विकल्प से भी कर सकेंगे मतदान।

शिक्षक एमएलसी चुनाव में पहचान पत्र के विकल्प से भी कर सकेंगे मतदान।

बदायूं। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया को सुचारु, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं अपर आयुक्त बरेली मंडल प्रीति जायसवाल ने संबंधित मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान के समय निर्धारित पहचान पत्र साथ लेकर पहुंचें।

प्रीति जायसवाल ने बताया कि जिन मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र जारी किया गया है, उन्हें मतदान के दौरान अपनी पहचान प्रमाणित करने के लिए यह पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। यदि कोई मतदाता मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाता है, तो वह निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों में से किसी एक के माध्यम से अपनी पहचान स्थापित कर सकता है।

वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और भारतीय पासपोर्ट शामिल हैं। इसके अलावा राज्य या केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों अथवा निजी औद्योगिक संस्थानों द्वारा कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान पत्र भी मान्य होगा। सांसदों, विधायकों एवं पार्षदों को जारी सरकारी पहचान पत्र और संबंधित शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता को नियोजित करने वाले शैक्षिक संस्थान द्वारा जारी सेवा पहचान पत्र भी प्रस्तुत किया जा सकता है।

मतदाता विश्वविद्यालय द्वारा जारी डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाण पत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता संबंधी मूल प्रमाण पत्र अथवा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड का उपयोग भी पहचान स्थापित करने के लिए कर सकते हैं।

सहायक रिटर्निंग ऑफिसर ने संबंधित मतदाताओं से निर्धारित पहचान दस्तावेज साथ लाने की अपील की है, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और निर्वाचन प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।

 

 

 

Spread the love

Check Also

पहल ग्रुप के शिविर में 100 से अधिक लोगों की हुई कानों की जांच, 15 से 20 दिन में मिलेंगे निःशुल्क श्रवण यंत्र।

पहल ग्रुप के शिविर में 100 से अधिक लोगों की हुई कानों की जांच, 15 …