Breaking News

उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय की दो टूक: गोवंश संरक्षण में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं।

उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय की दो टूक: गोवंश संरक्षण में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं।

बदायूं। उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक अहम बैठक की। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) गामिनी सिंगला की मौजूदगी में हुई इस बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि गोवंश संरक्षण से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

रमाकांत उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि गोशालाओं में रह रहे गोवंश के लिए पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण चारे, साफ पेयजल, नियमित पशु चिकित्सा और सुरक्षित माहौल की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित होनी चाहिए। इन व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोआश्रय स्थलों में साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की मॉनिटरिंग लगातार की जाए।

आयोग के सदस्य ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से काम करना होगा। उन्होंने जनसहभागिता पर जोर देते हुए कहा कि इस कार्य में समाजसेवियों, व्यापारियों, स्वयंसेवी संगठनों और दानदाताओं का भी सहयोग लिया जाए, ताकि गोशालाओं की व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाया जा सके। गोवंश की रक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक से पहले पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान पत्रकारों ने क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पत्रकारों ने बताया कि शहर की लगभग सभी प्रमुख सड़कों पर गोवंश बैठे रहते हैं और कई बार बाजार के बीच सांड आपस में भिड़ जाते हैं, जिससे आए दिन बड़े सड़क हादसों का खतरा बना रहता है। इस गंभीर समस्या और गोवंश से जुड़े अन्य प्रकरणों को संज्ञान में लेते हुए रमाकांत उपाध्याय ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (CVO) प्रेम कोहली को कड़ी फटकार लगाई और इन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए।

Spread the love

Check Also

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ: बदायूं में भी गूंजी कर्मियों के कल्याण की सौगात।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ: बदायूं में भी …