Breaking News

बदायूं में ओडीओसी योजना के तहत आयोजित हुई कार्यशाला, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने उद्यमियों को पैकेजिंग और खाद्य सुरक्षा मानकों के दिए टिप्स।

बदायूं में ओडीओसी योजना के तहत आयोजित हुई कार्यशाला, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने उद्यमियों को पैकेजिंग और खाद्य सुरक्षा मानकों के दिए टिप्स।

बदायूं। जनपद के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार और नई पहचान दिलाने की दिशा में कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में एक जनपद एक व्यंजन (ODOC) कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष बैठक एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य उद्यमियों को आधुनिक पैकेजिंग, खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के तय मानकों से अवगत कराना था।

बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि बदायूं जनपद के लिए ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना के तहत पारंपरिक पेड़ा, मावा से बनी मिठाइयां और विशेष लौंग व्यंजन को चयनित किया गया है। इन स्थानीय उत्पादों को आधुनिक और आकर्षक पैकेजिंग के जरिए बड़े बाजारों तक पहुंचाने तथा उद्यमियों को नए व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न संबंधित संस्थाओं के साथ मिलकर कार्य किया जा रहा है।

मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों और स्थानीय उद्यमियों को निर्देश दिए कि वे ओडीओसी उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग में लगातार सुधार लाएं, ताकि इन्हें व्यापक बाजार मिल सके। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि उद्यमियों को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, उचित लेबलिंग और पैकेजिंग के सभी मानकों का कड़ाई से पालन करना चाहिए।

कार्यशाला में भारतीय पैकेजिंग संस्थान के आए विशेषज्ञों ने उद्यमियों को सुरक्षित व स्मार्ट पैकेजिंग तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सही पैकेजिंग सामग्री के चयन, उत्पाद की शेल्फ लाइफ व गुणवत्ता बनाए रखने, लेबलिंग और बारकोड प्रणाली जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं पर प्रकाश डाला। इसके अलावा खाद्य उत्पादों के कारोबार के लिए अनिवार्य लाइसेंस और पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया, साथ ही उद्यमियों को आवेदन में हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया।

सीडीओ ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को उच्च स्तरीय पैकेजिंग और बेहतरीन गुणवत्ता के साथ बाजार में उतारे जाने से यहां के उद्यमियों को आर्थिक लाभ मिलेगा और बदायूं के उत्पादों को एक नई पहचान हासिल होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कार्यशाला में दी गई महत्वपूर्ण जानकारियों को अधिक से अधिक स्थानीय उद्यमियों तक पहुंचाया जाए।

इस बैठक और कार्यशाला के दौरान विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी, जिला उद्योग एवं उद्यमिता विकास केंद्र के प्रतिनिधि तथा ओडीओपी व पैकेजिंग क्षेत्र से जुड़े तमाम प्रमुख उद्यमी उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोपी कलान पुलिस की गिरफ्त में, पॉक्सो एक्ट में भेजा गया जेल।

शाहजहांपुर में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोपी कलान पुलिस की गिरफ्त में, पॉक्सो एक्ट …