Breaking News

बदायूं: 49 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र: बदायूं कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ गरिमापूर्ण कार्यक्रम।

49 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र: बदायूं कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ गरिमापूर्ण कार्यक्रम।

बदायूं: स्थानीय कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में मंगलवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय के अंतर्गत चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं के लिए नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने वजीरगंज, कादरचौक, सालारपुर और उझानी सहित विभिन्न विकासखंडों की कुल 49 नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र वितरित किए।

समारोह को संबोधित करते हुए सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करना हम सभी का मुख्य दायित्व है। यदि प्रत्येक नागरिक अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी से निभाए, तो निश्चित रूप से एक दिन भारत पुनः विश्व गुरु बनेगा। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है और उत्तर प्रदेश का मान लगातार बढ़ा है। उन्होंने युवाओं और नवनियुक्त कर्मियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हम जैसा सोचते हैं, उसका प्रभाव हमारे कार्यों पर स्पष्ट रूप से पड़ता है, इसलिए सदैव सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें।

इस अवसर पर महिला मोर्चा बदायूं की जिला कोषाध्यक्ष सलोनी सुची पाठक ने सभी नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को बधाई देते हुए अपने दायित्वों को पूरी जिम्मेदारी से निभाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि महिलाएँ अपनी ऐसी दिनचर्या तय करें जिससे उनकी शासकीय ड्यूटी और पारिवारिक जिम्मेदारियाँ दोनों बेहतर तालमेल के साथ चलती रहें। उन्होंने मेहनत और लगन से काम करते हुए देश और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य में योगदान देने की बात कही।

कार्यक्रम के अंत में सभी नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दी गईं। इस गरिमापूर्ण अवसर पर एमएलसी बागीश पाठक के प्रतिनिधि शारदेंदू पाठक सहित अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी और विभागीय कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई: 1.407 किलो गांजे के साथ बाराबंकी का तस्कर गिरफ्तार।

शाहजहांपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई: 1.407 किलो गांजे के साथ बाराबंकी का तस्कर …