Breaking News

बदायूं: 12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों पर अधिकारियों ने किया मंथन।

12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों पर अधिकारियों ने किया मंथन।

बदायूं। जनपद में आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को प्रभावी बनाने के लिए गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिक से अधिक मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने की रणनीति पर चर्चा हुई।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के तहत राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से किया जाएगा। इसका आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बदायूं की अध्यक्षता में होगा।

राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी राज वीर सिंह और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव सुमन तिवारी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों से उनके विभागों से जुड़े ऐसे मामलों को चिन्हित करने को कहा गया, जिनका समाधान पक्षकारों की आपसी सहमति और सुलह-समझौते के माध्यम से संभव है।

बैठक में प्री-लिटिगेशन मामलों को भी अधिक संख्या में चिन्हित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संबंधित पक्षकारों से संपर्क कर उन्हें लोक अदालत के माध्यम से विवादों के सरल और शीघ्र समाधान के लिए प्रेरित किया जाए।

बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में आमजन को जागरूक करने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि पात्र लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग लोक अदालत की सुविधा का लाभ उठा सकें।

अधिकारियों ने लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों को चिन्हित कर समय से आवश्यक कार्रवाई पूरी करने तथा संबंधित पक्षकारों के साथ समन्वय स्थापित करने का भरोसा दिलाया। प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा लोक अदालत को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

गंजडुंडवारा में झुका बिजली का पोल बना खतरा, सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई समाधान की मांग।

गंजडुंडवारा में झुका बिजली का पोल बना खतरा, सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई …