Breaking News

कैलावर में अराजक तत्वों का तांडव: बाबा साहेब का तैल चित्र क्षतिग्रस्त कर उखाड़ा झंडा, ग्रामीणों में आक्रोश।

कैलावर में अराजक तत्वों का तांडव: बाबा साहेब का तैल चित्र क्षतिग्रस्त कर उखाड़ा झंडा, ग्रामीणों में आक्रोश।

चहनियां/चन्दौली (संवाददाता: अमित कुमार ओझा)। बलुआ थाना क्षेत्र के कैलावर गांव में मंगलवार को उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब कुछ उपद्रवियों ने वर्षों पुराने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के पूजन स्थल पर जमकर उत्पात मचाया। अराजक तत्वों ने न केवल बाबा साहेब के तैल चित्र को क्षतिग्रस्त कर दिया, बल्कि वहां लगा धार्मिक झंडा भी उखाड़ ले गए। इस घटना से दलित समाज और स्थानीय ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने मौके पर पहुँचकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे उपद्रवियों के हौसले और बुलंद हो गए।

जानकारी के अनुसार, कैलावर में पूर्वजों द्वारा स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा और तैल चित्र के पास ग्रामीण लंबे समय से प्रतिदिन पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन करते आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ अराजक तत्व अक्सर पूजा कर रही महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी और छींटाकशी करते थे। मंगलवार को इन उपद्रवियों ने एक गिरोह बनाकर तैल चित्र के साथ तोड़फोड़ की और झंडा उखाड़ दिया। जब गांव वालों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से लैस होकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

घटना के बाद कैलावर चौकी इंचार्ज राजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने दोषियों के विरुद्ध कोई तत्काल वैधानिक कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज होकर देर शाम दर्जनों की संख्या में ग्रामीण बलुआ थाने पहुँचे और नामजद तहरीर दी। थानाध्यक्ष की अनुपस्थिति में चौकी प्रभारी ने ही प्रार्थना पत्र लिया। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बाबा साहेब का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ तत्काल गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए और स्थल की गरिमा यथावत बहाल की जाए।

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!