Breaking News

धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई भगवान महर्षि वाल्मीकि जयंती की भव्य शोभायात्रा, नगर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।

धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई भगवान महर्षि वाल्मीकि जयंती की भव्य शोभायात्रा, नगर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।

सहसवान, (बदायूं)। नगर में बुधवार को भगवान महर्षि वाल्मीकि जयंती का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर के विभिन्न हिस्सों में भक्तों की चहल-पहल दिखाई दी। जगह-जगह धार्मिक झांकियों और पुष्प सजावट के साथ वातावरण भक्तिमय हो उठा। महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा ने नगर में आध्यात्मिक उत्सव का माहौल बना दिया।

अकबराबाद स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम से शोभायात्रा का शुभारंभ नगर चेयरमैन बाबर मियां द्वारा महर्षि की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होकर निकली। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु ‘जय महर्षि वाल्मीकि’ के नारे लगाते हुए चल रहे थे।

शोभायात्रा में सजी महर्षि वाल्मीकि, भगवान राम, सीता माता, हनुमान जी, और अन्य देवी-देवताओं की झांकियों ने सबका मन मोह लिया। जगह-जगह पर लोगों ने झांकियों पर पुष्प वर्षा कर श्रद्धा व्यक्त की। नगरवासी घरों की छतों से फूल बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत कर रहे थे।

यह शोभायात्रा अकबराबाद से प्रारंभ होकर जहांगीराबाद, नयागंज, नवादा, बाजार विल्सनगंज, तहसील रोड, पठान टोला होते हुए नुनैहर मोहल्ला पहुंचकर सम्पन्न हुई। शोभायात्रा के समापन स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। यहां आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन चरित्र, उनके आदर्शों और उनकी अमर कृति ‘रामायण’ पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने समाज को सच्चाई, करुणा, न्याय और मर्यादा का संदेश दिया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

कार्यक्रम के आयोजक शालू वाल्मीकि ने सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत माल्यार्पण कर किया और सभी का आभार जताया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे जिनमें पूर्व युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अनुज महेश्वरी, नगर अध्यक्ष पियूष महेश्वरी, आदर्श सक्सेना, देवेंद्र प्रजापति, आकाश पुत्तन वाल्मीकि, अमित वाल्मीकि, मोहित वाल्मीकि, शिवा वाल्मीकि, धोनी वाल्मीकि, आनंद, सोनू वाल्मीकि, सौरभ वाल्मीकि, प्रमोद, रोहित और सुमित वाल्मीकि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। नगर के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। प्रशासन की सतर्कता और संयम से शोभायात्रा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई।

नगरवासियों ने इस अवसर को धार्मिक एकता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बताया। महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर आयोजित इस शोभायात्रा ने नगर में भक्ति और संस्कृति की अद्भुत मिसाल पेश की।

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!